Tamil Nadu Elections 2026: तमिलनाडु में आगामी चुनावों से पहले आयोग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने (ECI) ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
आयोग ने सख्त कदम उठाया है। ECI ने बुधवार (8 अप्रैल) को राज्य के मुख्य सचिव एन. मुरुगानंदम को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह पर वरिष्ठ IAS अधिकारी एम. साई कुमार को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
इस फैसले को चुनावों के दौरान प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव आयोग का यह कदम ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में चुनावी माहौल तेजी से गर्म हो रहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की प्रशासनिक पक्षपात या प्रभाव को रोकना उसकी प्राथमिकता है।
Tamil Nadu Elections 2026: बड़े प्रशासनिक फेरबदल
इस बड़े बदलाव के साथ ही आयोग ने एक और अहम निर्णय लेते हुए वरिष्ठ IPS अधिकारी संदीप मित्तल को डीएवीसी (DVAC) और आर्म्ड पुलिस (Armed Police) का प्रमुख नियुक्त किया है। उन्होंने डेविडसन देवासिरवाथम की जगह ली है। DVAC जैसे संवेदनशील विभाग में यह बदलाव चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
EC ने तत्काल प्रभाव से लागू की नियुक्तियां
ECI ने अपने आधिकारिक आदेश में राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि इन सभी नियुक्तियों को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए और उसी दिन शाम 6 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट भेजी जाए। इसके साथ ही आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि जिन अधिकारियों को हटाया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव से जुड़े पद पर तैनात नहीं किया जाएगा। चुनाव आयोग का यह कदम चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए बेहद अहम है।
चुनाव आयोग के इस कदम को एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। आयोग किसी भी तरह के संभावित दुरुपयोग या प्रशासनिक हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करेगा। तमिलनाडु में होने वाले चुनावों के मद्देनजर यह फैसला राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस प्रशासनिक बदलाव का चुनावी माहौल पर क्या असर पड़ता है।



