छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि 14 अप्रैल से कई इलाकों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। खासतौर पर दोपहर के समय गर्म हवाएं और तेज धूप परेशानी बढ़ा सकती हैं।
कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना
बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने 15 अप्रैल से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी भी जारी की है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बीते 24 घंटों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने क्या बताया ?
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा, जिससे गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ेगा। राजधानी रायपुर में आज आसमान पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



