इस फीचर की मदद से आप किसी वीडियो के पूरे लिंक की जगह उसका सिर्फ जरूरी हिस्सा शेयर कर पाएंगे. यानी अब आपको अलग से टाइम सेट करने या लिंक एडिट करने की जरूरत नहीं होगी. आप जिस समय से वीडियो शेयर करना चाहते हैं वहीं से वीडियो सीधे प्ले होगा.
अभी तक अगर किसी वीडियो का खास हिस्सा भेजना होता था तो यूजर्स को लिंक कॉपी करके उसमें टाइम मैन्युअली जोड़ना पड़ता था या किसी थर्ड-पार्टी टूल का सहारा लेना पड़ता था. लेकिन नए फीचर के साथ यह प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी बस एक टैप में आप अपनी पसंद का हिस्सा शेयर कर सकेंगे.
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो लंबे वीडियो देखते और शेयर करते हैं. जैसे ट्यूटोरियल, इंटरव्यू या एजुकेशनल कंटेंट जहां अक्सर किसी खास पॉइंट को ही दूसरों तक पहुंचाना होता है.
रिपोर्ट के अनुसार, यह नया फीचर YouTube Clips की जगह ले सकता है या उसके उपयोग को सीमित कर सकता है. Clips फीचर के जरिए यूजर्स वीडियो के छोटे हिस्से बनाकर शेयर करते थे लेकिन अब कंपनी एक आसान और तेज विकल्प की ओर बढ़ रही है. हालांकि पहले से बने Clips उपलब्ध रहेंगे लेकिन आगे नए क्लिप बनाने का तरीका बदल सकता है.
फिलहाल कंपनी ने इस फीचर के लॉन्च की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है. लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी टेस्टिंग मोबाइल ऐप पर शुरू हो चुकी है. आने वाले समय में यह फीचर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो सकता है.
यह अपडेट वीडियो शेयरिंग को पहले से ज्यादा तेज और सरल बना देगा. खासकर उन यूजर्स के लिए जो अक्सर खास पलों को शेयर करना चाहते हैं उनके लिए यह फीचर काफी उपयोगी साबित होगा.



