पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं. तृणमूल कांग्रेस की नेता सागरिका घोष ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव आयोग सभी 293 सीटों के रुझान जारी नहीं कर रहा है, जिससे स्थिति को लेकर भ्रम पैदा हो रहा है.
सागरिका घोष ने कहा, “बंगाल पर एक महत्वपूर्ण सवाल है. चुनाव आयोग (@ECISVEEP) सभी 293 सीटों के ट्रेंड क्यों नहीं जारी कर रहा है? 70 से ज्यादा सीटों के रुझान जानबूझकर नहीं दिखाए जा रहे हैं. कृपया तुरंत सभी सीटों का डेटा जारी किया जाए.” उनके इस बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. इधर, ताजा रुझानों के अनुसार पश्चिम बंगाल की 293 सीटों में बीजेपी 198 सीटों पर बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 88 सीटों पर आगे है.
TMC उम्मीदवार का बयान
शुरुआती रुझानों पर मणिकतला सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार श्रेया पांडे ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि मैं जीत रही हूं. इसमें कोई शक नहीं है कि तृणमूल कांग्रेस सरकार बनाएगी. पहले राउंड में अगर मैं 475 वोटों से पीछे भी हूं, तो अभी कुल 20 राउंड बाकी हैं और स्थिति बदल सकती है.”
मतगणना जारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे. सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है, उसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती हो रही है.
बीजेपी ने किया बड़ा दावा
खड़गपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि नतीजे बीजेपी के पक्ष में बेहतर आने वाले हैं . उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में पिछले 50 वर्षों में जब भी कोई पार्टी सत्ता में आई है, उसे 200 से ज्यादा सीटें मिली हैं . इस बार भी बीजेपी इस आंकड़े को पार करेगी .”



