पंजाब में ED की लगातार रेड को लेकर अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसियों का इस्तेमाल नेताओं को दबाने का काम किया जा रहा है.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में लगातार हो रही ED की रेड को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है. केजरीवाल ने कहा कि बंगाल चुनाव खत्म होते ही पंजाब में लगातार ED की कार्रवाई शुरू हो गई है और इसका मकसद राजनीतिक दबाव बनाना है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “जैसे ही बंगाल चुनाव ख़त्म हुए, पीएम मोदी ने पंजाब में रोज ED की रेड करना शुरू कर दिया है. पिछले कुछ सालों में पीएम मोदी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है. पंजाबियों को तरह तरह से प्रताड़ित किया है.”
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पंजाब के पानी के मुद्दे पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की और ग्रामीण विकास का पैसा भी रोक दिया. अब ED की लगातार रेड की जा रही हैं.
अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा का भी किया जिक्र
केजरीवाल ने अपने बयान में राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा का नाम लेते हुए कहा, “अशोक मित्तल के यहाँ रेड हुई, अगले दिन उनको बीजेपी में शामिल करवा लिया. इसका मतलब ED की रेड का मकसद चोरी का पैसा ढूँढना नहीं था. केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल करवाना था.”
उन्होंने आगे कहा, “कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहाँ भी रेड हुई. वो बीजेपी में शामिल नहीं हुए तो उनके यहाँ फिर से रेड करवा दी.”
अपने बयान में अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना औरंगजेब से करते हुए कहा, “पंजाब गुरुओं की धरती है. कई सौ साल पहले औरंगजेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर कब्जा कर लिया. पीएम मोदी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है. उसके बाद औरंगजेब पंजाब पहुंचा. पीएम मोदी भी अब पंजाब पहुंचे हैं.”
उन्होंने कहा कि जैसे गुरुओं ने अत्याचार का सामना किया था, वैसे ही पंजाब अब भी मुकाबला करेगा. उन्होंने कहा, “आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा.”
किसानों के आंदोलन का भी किया जिक्र
केजरीवाल ने अपने बयान के आखिर में किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा, “कुछ वर्ष पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा. आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है.”



