Home देश NEET UG 2026 परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर NTA सख्त…

NEET UG 2026 परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर NTA सख्त…

4
0

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर कथित गड़बड़ियों की खबरों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक बयान जारी किया है. एजेंसी ने कहा है कि 3 मई को परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था और तय नियमों के तहत आयोजित की गई थी. राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की कार्रवाई और मीडिया में सामने आई गिरफ्तारियों के बाद NTA ने स्पष्ट किया कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है. एजेंसी का कहना है कि लाखों ईमानदार छात्रों की मेहनत पर किसी तरह का संदेह नहीं किया जाना चाहिए. साथ ही छात्रों और अभिभावकों से जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील भी की गई है.

सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई थी परीक्षा

NTA के अनुसार NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर में तय समय पर आयोजित हुई थी. परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी. प्रश्न पत्रों को GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से पहुंचाया गया और उन पर विशेष वॉटरमार्क भी लगाए गए थे ताकि हर पेपर की पहचान की जा सके.

इसके अलावा परीक्षा हॉल में AI आधारित CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और 5G जैमर जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया. एजेंसी ने दावा किया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के पूरी हुई.

परीक्षा के बाद मिली कथित गड़बड़ी की सूचना

NTA ने बताया कि परीक्षा के चार दिन बाद यानी 7 मई की देर रात उसे कुछ कथित अनियमितताओं की जानकारी मिली. इसके बाद 8 मई की सुबह ही यह सूचना केंद्रीय जांच एजेंसियों को भेज दी गई ताकि मामले की स्वतंत्र जांच हो सके.

एजेंसी ने कहा कि हाल में हुई गिरफ्तारियां जांच एजेंसियों की तेज कार्रवाई का रिजल्ट है और NTA लगातार उन्हें तकनीकी सहायता तथा जरूरी डेटा उपलब्ध करा रहा है.

जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील

NTA ने साफ किया कि मामला अभी जांच के अधीन है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. एजेंसी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाएगा.

साथ ही NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वो अफवाहों पर ध्यान दें. एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि शिक्षा मंत्रालय के परामर्श से जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाए जाएंगे.