Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से आम जनता किस कदर परेशान है और उन्हें कितनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ये आप यहां से जान सकते हैं. यहां से आप पब्लिक की समस्या समझ सकते हैं.
देशभर में पेट्रोल डीजल का दाम बढ़ने से हाहाकार मचा हुआ है. 5 दिन में ये दूसरी बार जब रेट बढ़ गए हैं. अब तो लोग भी पैनिक करने लगे हैं. पेट्रोल पंप पर लंबी- लंबी लाइन लग रही है तो लोगों में काफी नाराजगी, आक्रोश और परेशानी नजर आ रही है. यहां से आप अलग- अलग शहरों का हाल जान सकते हैं. यहां आम आदमी की नाराजगी और पेट्रोल- डीजल के लिए जुझ रहे लोगों की परेशानियों के बारे में बताया गया है.
जयपुर पेट्रोल डीजल की कीमत
पेट्रोल डीजल की कीमत एक बार फिर से बढ़ने से पिंक सिटी जयपुर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. जयपुर में पेट्रोल के दाम 94 तो डीजल 92 पैसे प्रति लीटर बढ़ गया है. बढ़ोतरी के बाद यहां पेट्रोल 108 रुपए 90 पैसे और डीजल 94 रुपए 14 पैसे हो गए हैं. पांच दिनों में दूसरी बार बढ़ोतरी होने से लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है. लोगों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में युद्ध करीब डेढ़ महीने पहले थम चुका है. ऐसे में दाम बढ़ाया जाना कतई ठीक नहीं है. लोगों का यह भी कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी होने से उनके बजट पर असर पड़ता है. सरकार को यह बढ़ोत्तरी वापस लेनी चाहिए.
मोहाली पेट्रोल डीजल की कीमत
पेट्रोल और डीजल के दामों में पांच दिन में दूसरी बार वृद्धि हुई है. पंजाब में पेट्रोल पिछली बार ही 100 रुपए प्रति लीटर से ऊपर चला गया था. मोहाली के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल 102.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.20 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है. लगातार बढ़ते दामों से जनता परेशान है. टैक्सी चलाने वाले एक शख्स ने बताया कि पेट्रोल और डीजल के दाम तो बढ़ रहे हैं मगर अगर वे लोगों से इस हिसाब से ज्यादा पैसे मांगते हैं तो लोग देने से मना कर देते हैं. एक और शक्श ने कहा कि वे मोटरसाइकिल पर निर्भर हैं और पूरा दिन इस्तेमाल करते हैं तो जेब पर फर्क तो पड़ेगा ही.
वाराणसी पेट्रोल डीजल की कीमत
पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने ABP Live से बातचीत के दौरान कहा कि बिल्कुल पेट्रोल डीजल के दाम का असर अन्य आवश्यक सामानों के दम पर भी पड़ेगा, आज सुबह जब पेट्रोल भरवाने पहुंचे तो दाम में बढ़ोतरी देखी जा रही है. मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी माना कि ईंधन के बढ़ते दाम का और व्यापक असर देखा जाएगा.
भोपाल पेट्रोल डीजल की कीमत
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अगर बात करें तो पेट्रोल में 95 पैसे और डीजल में 93 पैसे की वृद्धि हुई है. इन बड़ी हुई कीमतों के बाद पेट्रोल 110 रुपए 74 पैसे जबकि डीजल 95 रुपए 90 पैसे पहुंच गया है. आम लोग सुबह-सुबह इन बढ़ी हुई किम तो से अनजान थे, लोगों का कहना है कि सरकार को बढ़ती महंगाई को लेकर कुछ करना होगा.
पटना पेट्रोल डीजल की कीमत
बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल 96 पैसे महंगा हो गया है तो वहीं डीजल की कीमत में 95 पैसे की वृद्धि आई है. बढ़ते पेट्रोल डीजल के दम पर जनता ने कहा कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए. पेट्रोल भरवाने आए एक स्टूडेंट ने कहा- ‘पेट्रोल काफी ज्यादा महंगा हो गया है. मॉर्निंग में दूर से कोचिंग के लिए आते हैं इसलिए बाइक से आना पड़ता है.’ डीजल- पेट्रोल के दाम बढ़े हैं तो ऑटो वाले ने अपना किराया भी बढ़ा दिया है. पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने आए लोगों ने कहा कि सरकार को पेट्रोल और डीजल के दाम पर ध्यान देना चाहिए. पटना के ही पेट्रोल पंप मालिक अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पेट्रोलियम कंपनी की ओर से ऐसी कोई निर्देश नहीं दी गई है कि डीजल पेट्रोल को फूल टंकी नहीं करें या कम बेंचे. लेकिन समय को देखते हुए हम पेट्रोल पंप मालिकों ने यह निर्णय लिया है कि किसी को पेट्रोल डीजल की दिक्कत ना हो इसलिए लिमिट के हिसाब से ही बिक्री कर रहे हैं. अब कोई भी व्यक्ति फूल टंकी कर लेगा और किसी को नहीं मिलेगा तो अफवाह फैलेगी. हमें अफवाह नहीं फैलाना है और सभी लोगों की जरूरत को पूरा करना भी है इसलिए यह निर्णय ली गई है की टंकी फुल नहीं करेंगे. बाइक, कार, बड़ी फोर व्हीलर, ट्रक, ट्रैक्टर, बस को उसके हिसाब से डीजल पेट्रोल दी जा रही है.
छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र)
छत्रपति संभाजीनगर के वैजापुर तालुका स्थित महालगांव में पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ उमड़ रही है. डीजल लेने के लिए नागरिक कैन लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच रहे हैं. पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टर, चार पहिया और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं. कई पेट्रोल पंपों पर डीजल की किल्लत महसूस होने के कारण चालू पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है. खेती के काम के लिए डीजल नहीं मिलने से किसानों ने बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप पर आज सुबह से ही भीड़ जमा होती देखी गई है. छत्रपति संभाजी नगर के ग्रामीण इलाकों में कई फ्यूल पंप पूरी तरह से खाली हो चुके हैं. जहां कहीं भी डीजल अभी मिल रहा है, वहां लंबी कतारें लगी हुई हैं. एक तरफ गाड़ियों की कतारें हैं, तो दूसरी तरफ कनस्तर लिए लोगों की कतारें. किसान खेतों में खेती-बाड़ी के काम करने के लिए भी जरूरी डीजल हासिल नहीं कर पा रहे हैं. छत्रपति संभाजीनगर जिले के ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल की कमी अभी भी बनी हुई है. छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्र में स्थित जवाले अडगांव के एक पेट्रोल पंप पर, वाहन चालकों की लंबी-लंबी कतारें देर रात तक लगी देखी गईं. अपनी बारी पाने के लिए, ग्राहक हाथों में ईंधन के डिब्बे लिए कतार में खड़े नजर आए. इनमें से ज्यादातर लोग किसान थे.
अहमदाबाद पेट्रोल डीजल की कीमत
अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर, चारोटी स्थित एशियन पेट्रोल पंप पर, बीती रात दोपहिया वाहन चालकों की भारी भीड़ ईंधन भरवाने के लिए जमा हो गई है, जिसके कारण मोटरसाइकिलों की लंबी कतारें दूर तक फैली हुई दिखाई दे रही हैं. जिले के अधिकांश पंपों पर पेट्रोल की सीमित आपूर्ति ने वाहन चालकों के बीच चिंता का माहौल पैदा कर दिया है. कई जगहों पर, जैसे ही पेट्रोल मिलता होता है, नागरिक बड़ी संख्या में अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए दौड़ पड़ते हैं. इस बीच, जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और केवल अपनी तत्काल जरूरतों के अनुसार ही ईंधन खरीदें.
बुलढाणा (महाराष्ट्र) पेट्रोल डीजल की कीमत
पिछले चार से पांच दिनों से बुलढाणा जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत के कारण वाहन चालक और नागरिक परेशान हैं, जिससे हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. मानसून देश की दहलीज पर पहुंच चुका है, ऐसे में किसानों को खेतों की जुताई और मानसून पूर्व खेती के काम ट्रैक्टरों से करने पड़ते हैं. लेकिन ट्रैक्टरों के लिए डीजल नहीं मिलने से किसान और वाहन चालक पूरी रात पेट्रोल पंपों पर कतारों में खड़े रहे.
पालघर (महाराष्ट्र) पेट्रोल डीजल की कीमत
पालघर में पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें हैं. ईंधन की कमी कि अफवा से भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. पालघर जिले के कई पेट्रोल पंपों पर इस समय काफी भीड़ देखने मिल रही है क्योंकि कुछ पेट्रोल पंप बंद भी है .
चिकली (महाराष्ट्र)
चिकली के एक पेट्रोल पंप पर पंप संचालक द्वारा डीजल नहीं दिए जाने से किसानों ने धरना आंदोलन किया. जिले के 166 पेट्रोल पंपों में से आधे से ज्यादा पंप ईंधन की कमी और नो स्टॉक की स्थिति के कारण बंद हैं. जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन है, वहां वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे कई जगह विवाद और हंगामे की स्थिति बन रही है. एक किसान ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय पर ईंधन नहीं मिला, तो मानसून पूर्व खेती के काम नहीं हो पाएंगे और खेत बंजर पड़े रहने का खतरा पैदा हो जाएगा.
दिल्ली में स्ट्राइक
पेट्रोल-डीजल के बाद अब दिल्ली में ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ाने की मांग करते हुए स्ट्राइक का ऐलान हो गया है. सीएनजी के दाम बढ़ते ही दिल्ली के ऑटो और टैक्सी चालकों ने किराया बढ़ाने की मांग उठा दी है. दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तुरंत किराया संशोधन की मांग की है. पत्र में कहा गया है कि दिल्ली में सीएनजी की कीमत पहले 77.9 रुपये थी जो अब 2 रुपये बढ़कर 79.9 रुपये हो गई है. इससे पहले अप्रैल 2025 में 1 रुपये और मई 2025 में भी 1 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है. यानी पिछले एक साल में सीएनजी 4 रुपये महंगी हो चुकी है जबकि किराया आखिरी बार 12 जनवरी 2023 को बढ़ाया गया था.
संगठन का कहना है कि टायर, इंजन पार्ट्स, ऑयल और अन्य स्पेयर पार्ट्स भी लगातार महंगे हो रहे हैं जिससे गाड़ी चलाने की कुल लागत बढ़ गई है. किराये में बदलाव की मांग की बात करें तो ऑटो के लिए न्यूनतम किराया पहले डेढ़ किलोमीटर के लिए 30 रुपये है जिसे बढ़ाकर 50 रुपये करने और प्रति किलोमीटर दर 11 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये करने की मांग. टैक्सी के लिए पहले किलोमीटर का न्यूनतम किराया 40 रुपये से बढ़ाकर 70 रुपये, नॉन-एसी टैक्सी की दर 17 से 30 रुपये और एसी टैक्सी की दर 25 से 40 रुपये प्रति किलोमीटर करने की मांग की गई है



