Home राजनीति Tamil Nadu Politics: DMK नेता ने कांग्रेस पर विश्वासघात और BJP को...

Tamil Nadu Politics: DMK नेता ने कांग्रेस पर विश्वासघात और BJP को मजबूत करने का आरोप…  

1
0

DMK नेता और पार्टी की यूथ विंग के सचिव उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की अल्पमत सरकार का समर्थन करके DMK के साथ विश्वासघात किया है. एक पार्टी कार्यक्रम में उदयनिधि ने कहा कि अब DMK को कांग्रेस पर दोबारा भरोसा नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने DMK कार्यकर्ताओं की मेहनत और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की लोकप्रियता की वजह से चुनाव जीता, लेकिन बाद में बिना जानकारी दिए गठबंधन छोड़ दिया.

उदयनिधि स्टालिन ने कहा, ‘DMK कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से कांग्रेस के पांच विधायक जीत पाए. लोगों ने कांग्रेस को वोट इसलिए दिया क्योंकि वे एमके स्टालिन को मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे. लेकिन आज कुछ पदों के लिए कांग्रेस हमें बताए बिना चली गई. ऐसे लोगों पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए जिनमें बुनियादी आभार और शालीनता नहीं है.’ उन्होंने आगे कहा कि तमिलनाडु की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी.

देश में BJP की बढ़त की वजह कांग्रेस

उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस को पूरे देश में BJP की मजबूती के लिए भी जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह BJP की जीत की मुख्य वजह हैं, लेकिन अब उन्हें लगता है कि कांग्रेस की राजनीति ने BJP को मजबूत किया है. उन्होंने कहा, ‘हमारे नेता एमके स्टालिन ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को अपने कंधों पर उठाया था, लेकिन कांग्रेस ने उसका सम्मान नहीं किया.’

DMK बैठक में कांग्रेस पर तीखे प्रस्ताव

DMK की बैठक में कांग्रेस के खिलाफ कई कड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए. पार्टी नेताओं ने कांग्रेस को पीठ में छुरा घोंपने वाला और जोंक तक कहा. आरोप लगाया गया कि कांग्रेस अपने सहयोगियों की मेहनत पर राजनीति करती है. उदयनिधि ने पार्टी कार्यकर्ताओं से युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं के बीच राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने की अपील भी की. उन्होंने खास तौर पर Gen Z वोटरों को राजनीति समझाने पर जोर दिया.

एमके स्टालिन ने TVK सरकार पर साधा निशाना

DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी विजय की अगुवाई वाली TVK सरकार पर हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि यह सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी. स्टालिन ने कहा, ‘उन्होंने AIADMK को तोड़कर बहुमत दिखाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए. यह सरकार कभी भी गिर सकती है.’उन्होंने CPI, CPI(M), VCK और IUML जैसी पार्टियों पर भी निशाना साधा, जो पहले बाहर से समर्थन दे रही थीं लेकिन बाद में सरकार में शामिल हो गईं.

लोग एक्टर की सरकार से जल्द ऊब जाएंगेस्टालिन

एमके स्टालिन ने विजय की सरकार की तुलना नए खिलौने से करते हुए कहा कि लोग कुछ समय बाद इससे भी ऊब जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘जैसे बच्चे नए खिलौनों से कुछ दिनों में बोर हो जाते हैं, वैसे ही लोग भी अभिनेता की सरकार से ऊब जाएंगे. आखिर में वे फिर हमारे पास लौटेंगे.’

गठबंधन में बढ़ा तनाव

कांग्रेस, वामपंथी दल, VCK और IUML साल 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से DMK गठबंधन का हिस्सा रहे हैं. लेकिन हालिया विधानसभा चुनाव के बाद इन दलों ने विजय की TVK सरकार को समर्थन देने का फैसला किया, जिसके बाद DMK और कांग्रेस के रिश्तों में खुला तनाव सामने आ गया.