अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि देश से एक-एक घुसपैठिए को चुनकर बाहर निकाला जाए. इसलिए सरकार ने डेमोग्रैफिक बदलाव को लेकर एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (28 मई, 2026) को पश्चिम बंगाल में घुसपैठ की समस्या को लेकर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी पर जोरदार निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि आज अखबारों में खबरें आ रही हैं कि पहले ममता सरकार के शासन में हर रोज पश्चिम बंगाल में घुसपैठ होती थी, लेकिन अब घुसपैठ करने वाले अपने आप वापस जाने लगे हैं.
शुभेंदु अधिकारी के एक्शन पर बोले केंद्रीय गृह मंत्री
गुजरात के अहमदाबाद दौरे पर गए अमित शाह ने बंगाल में घुसपैठियों पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कार्रवाई पर कहा, ‘शुभेंदु जी और भाजपा की बंगाल सरकार ने घुसपैठियों के लिए डिटेंशन सेंटर बनाए हैं, मगर हम सब चाहते हैं कि जो लोग अवैध तरीके से घुसपैठ कर आए हैं, वे अपने आप ही वहीं वापस चले जाए, जहां से वे आए हैं.’
उन्होंने कहा, ‘अगर वे अपने आप चले जाते हैं, तो बंगाल सरकार उन पर कोई केस नहीं करेगी और जाने में उनकी सहायता भी करेगी. मैं आशा रखता हूं कि पहचान अभियान शुरू होने से पहले ही बहुत सारे लोग अपने आप वापस चले जाएंगे.’
घुसपैठ रोकने के लिए केंद्र सरकार ने बनाई हाई लेवल कमेटीः शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘हमारी सरकार का संकल्प है कि देशभर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाए. इसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की घोषणा के अनुरूप सरकार ने डेमोग्रैफिक बदलाव को लेकर एक उच्च स्तरीय कमेटी (High-Level Committee on Demographic Change) का गठन किया है.’
उन्होंने कहा, ‘यह कमेटी देशभर में जनसंख्या में हो रहे कृत्रिम बदलावों, उनके कारणों और उन्हें रोकने के उपायों का व्यापक अध्ययन करेगी. इसके लिए अगर कोई कानून बनाने की जरूरत होगी, तो उसकी भी सिफारिश करेगी. यह कमेटी एक साल में अपनी रिपोर्ट देगी और कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलाव को रोकने का काम हमारी सरकार पूरी मजबूती से करेगी.’
BSF के लिए जमीन देने पर बोले अमित शाह
पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के लिए जमीन देने के मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘हमने बंगाल चुनाव में कहा था कि अगर आप हमें शासन की धुरा देंगे, तो हम बांग्लादेश सीमा पर बचा हुआ फेंसिंग का काम कुछ ही दिनों में शुरू करेंगे.’
उन्होंने कहा, ‘मैं बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने सिर्फ 7 दिनों में 600 हेक्टेयर भूमि BSF को सौंपने का काम कर दिया. इसके साथ ही चिकन नेक की 121 हेक्टेयर भूमि भी BSF को सौंप दी गई.’



