गौतम अडानी की संपत्ति में इस साल जनवरी से लेकर 4 जून तक लगभग 30.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि मुकेश अंबानी को इस साल अब तक 21.9 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है.
साल 2026 दिग्गज कारोबारी गौतम अडानी के लिए काफी मुनाफा देने वाला रहा, जबकि मुकेश अंबानी के लिए नुकसान देने वाला रहा. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की एक ताजा रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि इस साल गौतम अडानी ने हर रोज औसतन 1897 करोड़ की कमाई की है. वहीं, मुकेश अंबानी ने रोजाना औसतन 1352 करोड़ रुपये गंवाए हैं.
अडानी बने एशिया में सबसे अमीर
रोजाना इतनी जबरदस्त बड़ी रकम की कमाई के बलबूते गौतम अडानी एक बार फिर मुकेश अंबानी को पछाड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर आदमी बन गए हैं. ब्लूमबर्ग इंडेक्स में दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में वह अभी 19वें नंबर पर हैं, जबकि मुकेश अंबानी उनसे एक पायदान नीचे खिसककर 20वें नंबर पर आ गए हैं.
कमाई का क्या रहा जरिया?
हाल ही में जून 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, Adani Portfolio का EBITDA (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) ऑल-टाइम हाई 94834 करोड़ पर पहुंच गया. अडानी ग्रुप ने इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन एनर्जी सेक्टर पर फोकस किया. इनमें अडानी समूह का सालाना निवेश 1.53 लाख करोड़ रुपये रहा, जो किसी भी भारतीय कंपनी के मुकाबले सबसे ज्यादा है. इसके चलते निवेशकों का भरोसा उनके शेयरों पर लगातार बना हुआ है और मार्केट कैप में तेजी से इजाफा हो रहा है.
अंबानी को क्यों हुआ नुकसान?
मुकेश अंबानी की कमाई का एक बड़ा हिस्सा रिलायंस इंडस्ट्रीज से आता है, जो दुनिया के सबसे बड़े ऑयल रीफाइनिंग कॉम्प्लेस को चलाती है. मिडिल ईस्ट के बढ़ते तनाव से अंबानी समूह के इस कारोबार को चोट पहुंची है. इस वजह से विदेशी निवेशक भी रिलायंस जैसी बड़ी और निफ्टी-वेटेज वाली कंपनी से पैसा निकालकर दूसरे शेयर बाजारों का रुख कर रहे हैं, जिससे शेयरों में तेज गिरावट आ रही है.
अगर किसी तिमाही में रिलायंस के पेट्रोकेमिकल्स, तेल या रिटेल सेक्टर का प्रदर्शन बाजार की उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहता, तो शेयरों की कीमत में एक ही दिन में 2-3% तक की गिरावट आ जाती है. चूंकि, रिलायंस का मार्केट कैप बहुत बड़ा है इसलिए महज 2% की गिरावट भी अंबानी की नेटवर्थ को हजारों करोड़ रुपये कम करती है.



