Home छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेशभर की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 21...

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेशभर की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 21 जुलाई यानी मंगलवार को सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेगी…

4
0

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेशभर की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 21 जुलाई यानी मंगलवार को सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेगी। प्रदेश के जिलों, ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रदेश और देश में शांति, सद्भाव, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प होगा।

पार्टी ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सहभागी बनकर सकारात्मक राजनीति, सामाजिक सद्भाव, जनकल्याण और रामराज्य के आदर्शों को मजबूत करने के लिये इस अभियान का हिस्सा बनें।

इस संबंध में पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बताया कि यह कार्यक्रम आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी, दिल्ली के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक मुकेश अहलावत के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।

पार्टी का मानना है कि आज समाज को कटुता, वैमनस्य और नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर सत्य, सेवा, सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को अपनाने की जरूरत है।

भगवान श्रीराम के आदर्श और हनुमान जी की भक्ति, सेवा, साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा हैं।

इन्हीं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा देश और छत्तीसगढ़ की खुशहाली, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की कामना के साथ प्रदेशव्यापी सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है।

प्रदेश स्तरीय बैठक 20 जुलाई को

मिहिर कुर्मी ने बताया कि प्रदेश प्रभारी मुकेश अहलावत इन दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं।

उनके मार्गदर्शन में 20 जुलाई को रायपुर स्थित आम आदमी पार्टी के राज्य कार्यालय में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी।

इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, ज़ोन प्रभारी, लोकसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी एवं अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों तथा 21 जुलाई को होने वाले राज्यव्यापी हनुमान चालीसा पाठ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर अंतिम रणनीति तय की जाएगी।