छत्तीसगढ़ से पुरी और भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने जरूरी सूचना जारी की है। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने परिचालन व्यवस्था में बदलाव करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी 10 ट्रेनों के अंतिम स्टेशन पहुंचने के समय में संशोधन किया है।
रेलवे के अनुसार यह बदलाव सिर्फ पुरी और भुवनेश्वर स्टेशन पर ट्रेनों के पहुंचने के समय में किया गया है। रास्ते में आने वाले दूसरे स्टेशनों की टाइमिंग पहले जैसी ही रहेगी। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के अंतिम स्टेशन की नई समय-सारणी जरूर देख लेनी चाहिए।
रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस अब 14 सितंबर से पुरी स्टेशन पर सुबह 3:25 बजे की जगह 3:35 बजे पहुंचेगी। यानी इसके पहुंचने के समय में 10 मिनट का बदलाव किया गया है। इसी दिन से ट्रेन संख्या 20814 जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस भी बदले हुए समय के अनुसार चलेगी। यह ट्रेन अब पुरी स्टेशन पर सुबह 10 बजे के बजाय 10:45 बजे पहुंचेगी। इसमें 45 मिनट का बदलाव किया गया है।
ट्रेन संख्या 20917 इंदौर-पुरी हमसफर एक्सप्रेस का समय 16 सितंबर से बदलेगा। यह ट्रेन अब शाम 6:45 बजे की जगह 7 बजे पुरी पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 12145 एलटीटी-पुरी एक्सप्रेस 15 सितंबर से सुबह 6:35 बजे के बजाय 6:45 बजे पुरी पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 20862 अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस का नया समय 13 सितंबर से लागू होगा। यह ट्रेन अब सुबह 6:40 बजे की जगह 6:45 बजे पुरी पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 12844 अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस 14 सितंबर से सुबह 8:05 बजे के बजाय 8:35 बजे पुरी स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे ने अजमेर-पुरी, सूरत-पुरी और गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस के पहुंचने के समय में भी बदलाव किया है। ट्रेन संख्या 20824 अजमेर-पुरी एक्सप्रेस 17 सितंबर से दोपहर 2:40 बजे के बजाय 3:05 बजे पुरी पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 22828 सूरत-पुरी एक्सप्रेस का नया समय 16 सितंबर से लागू होगा। यह ट्रेन अब दोपहर 3:05 बजे पुरी पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 12993 गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस 13 सितंबर से दोपहर 2:40 बजे की जगह 3:05 बजे पुरी पहुंचेगी।
पुरी के अलावा भुवनेश्वर जाने वाली एक ट्रेन के समय में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 12879 एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस अब 13 सितंबर 2026 से सुबह 7 बजे की जगह 7:15 बजे भुवनेश्वर स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे ने साफ किया है कि यह बदलाव केवल अंतिम स्टेशन पर पहुंचने के समय को लेकर है। ट्रेन के बीच के स्टेशनों पर आने-जाने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर शुरू करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से अपनी ट्रेन का अपडेटेड टाइम जरूर चेक कर लें। इससे आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।



