डोंगरगढ़। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए युवती से संपर्क किया था और उसे झांसे में लेकर अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी युवराज चंद्रवंशी (22 वर्ष), निवासी गोपालपुर (थाना छुरिया) से हुई थी। इसके बाद आरोपी मोबाइल नंबर लेकर उससे लगातार बातचीत करने लगा।
लॉज और किराये के मकान में बनाए संबंध
आरोपी ने 28 अक्टूबर 2025 को पीड़िता को मिलने के लिए डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां से वह उसे स्टेशन स्थित एक लॉज में ले गया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे रायपुर स्थित किराये के मकान व अन्य स्थानों पर बुलाकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
शादी से किया इंकार
कुछ समय बाद आरोपी पीड़िता को छोड़कर अपने गांव चला गया। 25 सितंबर 2026 को पीड़िता आरोपी के घर गोपालपुर पहुंची, जहां आरोपी ने साफ तौर पर शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों और ग्रामीणों को आपबीती बताई तथा 1 अक्टूबर 2026 को डोंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवराज चंद्रवंशी को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।



