Home छत्तीसगढ़ गांधी जयंती पर नया व पुराना बस स्टैंड में चला वृहद स्वच्छता...

गांधी जयंती पर नया व पुराना बस स्टैंड में चला वृहद स्वच्छता अभियान

2
0

राजनांदगांव। ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के पुराने व नए बस स्टैंड परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत विकसित भारत’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने हाथों में झाड़ू थामकर श्रमदान किया तथा लोगों से स्वच्छता से जुड़ने की अपील की।

अभियान के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास एवं पूरे बस स्टैंड परिसर में बिखरे झिल्ली-पन्नी व कचरे को साफ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने बापू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

न गंदगी करूंगा, न करने दूंगा : महापौर
स्वच्छता अभियान के दौरान महापौर मधुसूदन यादव ने उपस्थितजनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को हर वर्ष 100 घंटे (प्रति सप्ताह 2 घंटे) श्रमदान करने, स्वयं, परिवार व मोहल्ले से स्वच्छता की शुरुआत करने तथा ‘न गंदगी करूंगा, न करने दूंगा’ का संकल्प दिलाया।

महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और इसे एक जनआंदोलन बनाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। प्रतिवर्ष सितंबर माह से गांधी जयंती तक चलने वाले इस अभियान से लोगों में स्वच्छता, जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभूतपूर्व जागरूकता आई है।

जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने की सहभागिता
श्रमदान कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, छत्तीसगढ़ केशकल्याण बोर्ड के सदस्य देवशरण सेन, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित एमआईसी सदस्य सुनील साहू, राजेश जैन रानू, सावन वर्मा, शैकी बग्गा, डीलेश्वर साहू, पार्षदगण, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और निगम कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।