Home Blog Page 432

मुसराखुर्द अवैध शराब मामले में पुलिस की बड़ी सफलता, एक और आरोपी गिरफ्तार

0

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा हमला करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर सेल और डोंगरगढ़ थाना की संयुक्त टीम के साथ मिलकर 17 दिसंबर 2025 को ग्राम मुसराखुर्द स्थित शीतला मंदिर के पास एक मकान में छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप, फर्जी आबकारी स्टीकर और अन्य सामान बरामद किए।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से दो मुख्य आरोपियों बीरबल वर्मा और चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन को गिरफ्तार किया। इस छापेमारी में पुलिस ने 62.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, 1860 फर्जी आबकारी स्टीकर, बिना नंबर की टीवीएस जूपिटर मोपेड, मोबाइल फोन, औजार और नगद राशि बरामद की। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1.38 लाख रूपये आंकी गई है।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान यह भी पता चलाया कि शराब और फर्जी लेबल की सप्लाई महाराष्ट्र के राजपाल सिंह भाटिया और मध्य प्रदेश के बालाघाट स्थित करंजा शराब दुकान के मालिक अवधेश सिंह द्वारा की जाती थी। इस मामले में आरोपी अवधेश सिंह को आज, 6 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रखी है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2), 59-क और बीएनएस की धारा 339, 336 (3), 340 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश ठाकुर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी आशीष कुंजाम की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई है, जो अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं।

गौवंश व मूक प्राणियों की सेवा में संस्कारधानी के युवाओं का अनुकरणीय योगदान

0

राजनांदगांव। स्वार्थ और भौतिकता के इस दौर में भी संस्कारधानी राजनांदगांव के जागरूक युवा और सेवा भाव से प्रेरित संस्थाएं गौवंश एवं मूक प्राणियों की सेवा में लगातार सक्रिय हैं। निःस्वार्थ भाव से किए जा रहे ये प्रयास न केवल मानवता का उदाहरण हैं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रहे हैं।
शहर के युवाओं और संस्थाओं द्वारा अपने निजी खर्च और समाज से जुटाए गए सहयोग से बेसहारा, बीमार और घायल गौवंश व श्वानों की देखभाल की जा रही है। नियमित चारा-पानी की व्यवस्था, ठंड और गर्मी से बचाव के इंतजाम, पशु चिकित्सकों की मदद से उपचार व टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल गौवंश को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना भी इनकी सेवा भावना को दर्शाता है।
गौ-सेवा के क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल गौरक्षा टीम के सुनील सेन, राहुल मिश्रा, प्रणय मुल्लेवार, गौरव शर्मा, प्रिंस हथिबेड, सागर यादव, ईशान पित्रोवद, करण तंवर, भावेश निर्मलकर, मोहित यादव, सन्मय श्रीवास्तव एवं उनके साथी उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं गौ करुणा समिति के जैनम बैद, कोणार्क अग्रवाल, डॉ. चुरेंद्र चंद्रवंशी, शिवा वाधवानी सहित अन्य सदस्य भी सक्रिय हैं।
टीम स्वास्तिक जनसमर्पण समिति द्वारा गौवंश की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट और गौ कोट वितरण जैसे सराहनीय कार्य किए गए, जिसमें अंशुल कसार, सत्यम मिश्रा, रिभय यादव, दिव्यांश साहू, यश साहू, विनय राजपूत, गोपेंद्र साहू और सोहन साहू शामिल रहे। इसके अलावा श्वानों की सेवा के क्षेत्र में शिवानी तिवारी, हर्ष ठाकुर, नगमा अंसारी और पीयूष कश्यप द्वारा निरंतर प्रशंसनीय कार्य किए जा रहे हैं।
गौ-सेवा से जुड़े युवा न केवल स्वयं श्रमदान कर रहे हैं, बल्कि जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज के अन्य लोगों को भी इस पुण्य कार्य से जोड़ रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में करुणा, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। चारा संग्रह अभियान, आर्थिक सहयोग और गौशालाओं के विकास व संरक्षण के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं।
सेवाभावी कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौ-माता की सेवा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि सामाजिक और मानवीय दायित्व भी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस सेवा कार्य में सहभागी बनें और यथासंभव सहयोग प्रदान करें।
निस्संदेह, शहर के युवाओं और संस्थाओं द्वारा किया जा रहा यह गौ-सेवा कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है।

गाय पर भेदभाव भाजपा की सोच, गोधन न्याय योजना बंद कर किया अपमान

0

राजनांदगांव। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी द्वारा गाय को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के विरोध में राजनांदगांव में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन युवा नेता व पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री तथा प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी के संयुक्त नेतृत्व में किया गया।
प्रदर्शन के दौरान सबसे पहले एक घुमंतू गाय की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन कर कांग्रेस नेताओं ने अपना आक्रोश प्रकट किया।
सभा को संबोधित करते हुए युवा नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई गोधन न्याय योजना ने गौवंश संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी थी। इस योजना से महिला स्व-सहायता समूहों और गौपालकों को सीधा लाभ मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस जनहितकारी योजना को बंद कर गौवंश और ग्रामीण आजीविका दोनों का अपमान किया है।
प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा एक ओर गाय के नाम पर राजनीति करती है, वहीं दूसरी ओर गौवंश में भेदभाव पैदा करने वाले बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश राज्यों में गौवंश वध पर प्रतिबंध से जुड़े कानून कांग्रेस शासनकाल में ही लागू हुए थे, इसलिए भाजपा को गौ-रक्षा पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
कांग्रेस नेताओं ने दिसंबर 2025 के अंत और जनवरी 2026 की शुरुआत में दिए गए सुधांशु त्रिवेदी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जर्सी गाय को गौ माता नहीं माना जा सकता जैसे बयान हिंदू आस्था का सीधा अपमान हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा अब गायों को भी नस्ल और उत्पत्ति के आधार पर बांटने की राजनीति कर रही है।
कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व से इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना को पुनः शुरू करने की मांग की, ताकि गौवंश संरक्षण और ग्रामीण हितों की प्रभावी रक्षा हो सके।
प्रदर्शन में हर्ष खोब्रागढ़े, सागर ताम्रकार, राजा यादव, शुभम कासर, अभी गुप्ता, हर्षल हनी, अंसल, प्रभात मांडवी, देव कोमरे, गरुण विक्रम, तौसीफ गोरी, जय जायसवाल, सुरेन्द्र साहू, आशीष साहू, उदय मरकाम, चेतन साहू, ऋषभ निर्मलकर, जय साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राजनांदगांव में हिंदू जागरण मंच ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गुरू गोविंद सिंह जयंती

0

राजनांदगांव। हिंदू जागरण मंच, राजनांदगांव द्वारा सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्य्रम की शुरुआत गुरु गोविंद सिंह जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने से की गई। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरु जी के जीवन, त्याग, बलिदान और खालसा पंथ की स्थापना के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी ने समाज को साहस, समानता, धर्म रक्षा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनके योगदान को नमन करते हुए कार्यक्रम में एकता, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मंच के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया और गुरु गोविंद सिंह जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता सुशील लड्ढा, प्रवीण शर्मा, दिनेश झूलन, सविता बोस, रोहित तिवारीए, जुगल गुप्ता, हेमलाल ढीमर, नीलू साहू, मनोज गोलछा, मौसमी शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

परमात्मा को प्राप्त कर लेने के बाद संसार में कुछ भी पाना शेष नहीं रह जाता : पं. युवराज पांडे

0

राजनांदगांव। खैरागढ़ रोड स्थित ग्राम पदुमतरा में आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। सुबह से ही कथा पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा वातावरण हरि नाम के संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जयघोष से भक्तिमय बना रहा। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं एवं बुजुर्गों की समान सहभागिता ने आयोजन को और भी भव्य और गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित श्री युवराज पांडे जी ने श्रीमद् भागवत महापुराण की दिव्य महिमा का भावपूर्ण एवं विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि जब मनुष्य परमात्मा को प्राप्त कर लेता है, तब संसार में कुछ भी प्राप्त करना शेष नहीं रह जाता। भगवान की भक्ति ही जीवन का परम लक्ष्य है, जो मनुष्य को जन्म-मरण के बंधन से मुक्त कर मोक्ष की ओर अग्रसर करती है।
कथा वाचक पं. युवराज पांडे ने बताया कि पूर्व दिवस में श्रद्धालुओं को सच्चिदानंद स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की पावन कथा का श्रवण कराया गया था, वहीं दूसरे दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर रुक्मणी विवाह तक के दिव्य प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया गया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पश्चात वासुदेव जी योगमाया के प्रभाव से भगवान को लेकर गोकुल पहुंचते हैं और वहां से योगमाया को लेकर कंस के कारागार में प्रवेश करते हैं। इस दिव्य लीला के माध्यम से भगवान ने अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
पं. पांडे ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए तृणावर्त, शकटासुर, अघासुर, बकासुर जैसे असुरों के वध की कथाओं को अत्यंत रोचक और भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही रुक्मणी विवाह के प्रसंग को समझाते हुए उन्होंने कहा कि यह विवाह केवल एक सामाजिक घटना नहीं, बल्कि भक्त और भगवान के मिलन का प्रतीक है, जिसमें प्रेम, श्रद्धा और समर्पण की पराकाष्ठा दिखाई देती है।
कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजन-कीर्तन में झूमते नजर आए। आयोजन समिति द्वारा की गई उत्तम व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह का यह आयोजन पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और भक्ति भाव का संचार कर रहा है।
पंचम दिवस की कथा में हजारो श्रद्धालुओं के साथ-साथ कई दिग्गज नेता कथा श्रवण करने पहुंचे। कथा में श्री राम मंदिर ट्रस्ट समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू व समिति के आमंत्रण पर पंचम दिवस में 5 विधायक सहित कई दिग्गज नेता पहंुचे, जिसमें पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक गिरीश देवांगन, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, क्षेत्रीय विधायक डोंगरगढ़ हर्षिता स्वामी बघेल, कसडोल विधायक संदीप साहू, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, जीव जंतु बोर्ड उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर, जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष विपिन यादव, जिला साहू संघ जिलाध्यक्ष भागवत साहू, भिलाई नगर निगम सभापति बंटी साहू, अखिल भारतीय तैलिक महासभा राष्ट्रीय महामंत्री युवा प्रकोष्ट पवन साहू, जिला पंचायत सभापति शीला सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव, जिला पंचायत पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र दास वैष्णव, जनपद अध्यक्ष प्रतिमा रमेश चंद्राकर, डोंगरगढ़ बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, अन्य सदस्य, रिसाली नगर निगम एमआईसी मेंबर सनिर साहू, जनपद उपाध्यक्ष अनिता सिन्हा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा वर्मा, राजेश्वरी साहू, शंकर साहू, प्रेमकिशन साहू यशवन्त वर्मा, डीगेन्द्र सिन्हा, खुशबु राकेश साहू जनपद सदस्य, जनपद सदस्य ललिता साहू, सरपंच हिना साहू, यशवंत जंघेल सहित हजारो श्रद्धलुओं ने कथा का श्रवण किये।

खिलाड़ी कभी हारता नहीं, या जीतता है या सीखता है, अभावों से जूझकर आगे बढ़ने वाला खिलाड़ी ही बनाता है पहचान : अरूण साव

0

राजनांदगांव। 5वीं रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन, फाइनल मैच एवं पुरस्कार वितरण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरूण साव, कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप मे पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, नीरज बाजपाई तथा तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पार्षद शिव वर्मा, सुनील साहू, मोनू बहादुर, सुमीत भाटिया, आलोक श्रोती, अपूर्वा श्रीवास्तव, श्रुति लोकेश जैन, सावन वर्मा, घासी साहू, वर्षा शरद सिन्हा, कुतबुद्दीन सोलंकी, अनूप श्रीवास्तव, राघव वर्मा, अजय तिवारी, प्रिंस भाटिया, हारुन खान, दीपेश चौबे, पीयूष वर्मा एवं आशुतोष सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं स्वर्ण पदक विजेता एनआईएस हॉकी कोच मृणाल चौबे ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों को इस अखिल प्रतियोगिता हॉकी प्रतियोगिता के बारे में जानकारी दी।
मृणाल चौबे ने बताया कि रोजाना 300 से अधिक खिलाड़ी इस मैदान में सुबह 5.30 से अभ्यास करने आते हैं और सांसद संतोष पांडे के द्वारा लाइट लगवाने के बाद शाम को भी बच्चे यहां प्रैक्टिस कर पाएंगे। केवल 8 माह के अल्प समय के प्रशिक्षण को प्राप्त कर इस मैदान के खिलाड़ियों ने भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के महत्वाकांक्षी खेल योजनाओं में चयनित हुए हैं। मृणाल ने कहा की खेल मंत्री के प्रोत्सान के बाद इस मैदान के खिलाड़ियों में एक नई ऊर्जा की संचार हुई है और आने वाले समय में अधिक संख्या में खिलाड़ी हमारे जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि राजनांदगांव पूरे छत्तीसगढ़ में प्रेरणा का केंद्र है और इसलिए इसे संस्कारधानी कहते है और हॉकी की नर्सरी कही जाती है। हॉकी का गौरवशाली इतिहास रहा है। रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी संस्था एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे के द्वारा लगातार प्रयत्न करके फिर से हॉकी की खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस लाने के लिए लगातार प्रयत्न कर रहे है। इसी का परिणाम है कि चिखली स्कूल के मैदान में 300 से अधिक खिलाड़ी निःशुल्क हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। संस्था के द्वारा बच्चों को मैदान से जोड़कर के खेल, शिक्षा, अनुशासन स्वास्थ्य और नशे से दूरी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का जो कार्य किया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय है। खेल का मैदान हमें जीवन जीने की कला सिखाता है, खेल का मैदान हमें अच्छा स्वास्थ्य देता है, यह खेल का मैदान हमें अच्छा भविष्य देता है, यह खेल का मैदान हमें अच्छा संस्कार देता है। चिखली स्कूल का मैदान छोटा जरूर दिख रहा है, लेकिन आने वाले समय में इसी मैदान से बड़े-बड़े खिलाड़ी निकलने वाले हैं। अभाव में और कमियों में जो इंसान जूझ कर आगे बढ़ता है, उसी को दुनिया सलाम करती है, उसी की दुनिया में शोहरत होती है। खिलाड़ी कभी हारता नहीं है या तो जीतता है या तो सीखता है। यह खेल का मैदान हमें धन दौलत शोहरत सब कुछ मिलता है। चिखली स्कूल के मैदान में यहां के खिलाड़ी एवं उनके माता-पिता के साथ-साथ यहां के दर्शकों का उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा को देखते हुए मैं इस आयोजन के लिए 5 लाख और खिलाड़ियों के खेल सामग्री के लिए 3 लाख की घोषणा करता हूं। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा चिखली स्कूल के मैदान मे खेल का बहुत बढ़िया वातावरण है। मैं यहां एक हफ्ते में तीन बार आ चुका हूं। जब भी मैं यहां से गुजरता हूं, मेरी गाड़ी घूमती है और मैं चिखली स्कूल के मैदान आ जाता हूं, और जब भी मैं यहां आता हूं, मुझे सैकड़ों की संख्या मे बच्चे यहां दिखते हैं और खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके पालक भी यहां आते हैं। वैसे तो पूरे राजनांदगांव को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है, लेकिन यदि छोटे-छोटे बच्चों के हाथ में हॉकी स्टिक देखना है, तो पटरी पर क्षेत्र के चिखली स्कूल मैदान में देखा जा सकता है।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि रुद्राक्षम वेलफेयर सोसाइटी संस्था के प्रयास से और मृणाल चौबे के परिश्रम से पटरी पर क्षेत्र के इस चिखली स्कूल के मैदान में खिलाड़ियों का एक अलग उत्साह और जुनून देखने को मिलता है और वास्तव में इस मैदान में आकर कल्पना साकार होती है कि क्यों राजनांदगांव की हॉकी पूरे देश में पहचान बनाकर रखी हुई है और क्यों राजनांदगांव हॉकी की नर्सरी कहलाती है।
फाइनल मुकाबले में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बिलासपुर एवं स्पोर्ट्स अकादमी रायपुर दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए उच्च स्तरीय हॉकी का प्रदर्शन किया, परंतु बिलासपुर की टीम ने रायपुर अकादमी को 7-0 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। खेलो इंडिया स्टेट्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बिलासपुर की ओर से सुमित मिंज ने 3 गोल, जबकि रोबित एक्का और ओम यादव ने 2-2 गोल किए।
मैच में निर्णायक के रूप में कृष्णा यादव, इंद्रपाल सिंह, सुनील साहू, संतोष साहू, सूरज साहू, राजेश निर्मलकर, सुखदेव निर्मलकर एवं सौरभ श्रीवास ने अपनी सेवाएं प्रदान की।
प्रतियोगिता के तहत खेले गए तीसरे स्थान के रोमांचक मैच में बिहार की टीम ने उत्तर प्रदेश की टीम को 5-4 से पराजित किया। बिहार की टीम की ओर से राहुल झा तथा हेमरम नमझम ने 2-2 गोल तथा संदीप लोहार ने एक गोल किया। वहीं उत्तर प्रदेश टीम की ओर से देवेंद्र ने 2 गोल तथा नितिन और हिमांशु ने 1-1 गोल अपनी टीम के लिए किया।
प्रतियोगिता के विजेता टीम खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बिलासपुर को मंचस्थ अतिथियों के द्वारा प्रथम पुरस्कार स्वर्गीय सुरजीत सिंह भाटिया जी के स्मृति में बलदेव सिंह भाटिया के द्वारा प्रदत्त 31000 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही लीजेंडरी हॉकी प्लेयर अनूप श्रीवास्तव ट्रॉफी भी प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के उपविजेता टीम रायपुर अकादमी को बहादुर अली के द्वारा अजीज मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से 21000 रुपए नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में तृतीय स्थान पर रही बिहार की टीम को स्वर्गीय काशीनाथ बाजपेई जी के स्मृति में नीरज बाजपेई द्वारा प्रदत्त 11000 रूपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
चिखली स्कूल मैदान में हॉकी मैच देखने हजारों की संख्या में दर्शक पहुंच रहे है। राजनांदगांव की हॉकी खेल प्रेमी दर्शकों के सम्मान में बेस्ट दर्शक का अवार्ड प्रतियोगिता में प्रत्येक दिन प्रदान किए जाते हैं। आज बेस्ट दर्शक अवार्ड मोहम्मद राशिद वार्ड क्रमांक 10 को प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हेमरम नमजम, रोबिट एक्का, लवी मानिकपुरी, मोहित कश्यप, राहुल ठाकुर, बृजेश यादव, प्रताप सिंह राजपूत, भावेश निषाद, गौरांग निषाद, दक्ष चौबे, देवांशु यादव, उर्वशी यादव, चंद्रेश, प्रिंस, साहिल, यश मेश्राम को नगद पुरुस्कार तथा फ्लैश हॉकी स्टिक से सम्मानित किया गया।

शूटआउट में कवर्धा को हराकर राजनांदगांव चैंपियन, राज्य स्तरीय फ्लड लाइट 7-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीता

0

राजनांदगांव। जिला हॉकी संघ राजनांदगांव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय रात्रिकालीन फ्लड लाइट 7-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में राजनांदगांव ने संकल्प अकादमी कवर्धा को शूटआउट में 4-1 गोल से पराजित किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी पर रहा, जिसके बाद मैच का फैसला शूटआउट से हुआ।
छत्तीसगढ़ हॉकी से मान्यता प्राप्त जिला हॉकी संघ कवर्धा द्वारा 25 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश की 8 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव की टीम ने पहले मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉकी अकादमी रायपुर को 5-1 से हराया। इस मैच में खुशाल यादव ने 2 गोल किए, जबकि संदीप ठाकुर, शकील अहमद और सोनू निषाद ने 1-1 गोल दागे।
इसके बाद राजनांदगांव ने जिला हॉकी कवर्धा को 2-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में टीम का सामना हॉकी दुर्ग से हुआ। यह मुकाबला भी काफी संघर्षपूर्ण रहा। मध्यांतर तक स्कोर 2-2 से बराबर था, लेकिन अंतिम समय में राजनांदगांव ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 3 गोल दागे। दुर्ग की टीम ने भी 2 गोल किए, पर अंततः राजनांदगांव ने यह मैच 5-4 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में संकल्प अकादमी कवर्धा को शूटआउट में मात देकर राजनांदगांव की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता टीम में शकील अहमद, मनीष यादव (मुसी), मिथलेश पंड्या, खुशाल यादव, संदीप ठाकुर, आदित्य मेश्राम, संदीप यादव, खेमराज सिन्हा, सोनू निषाद और सुखदेव निर्मलकर शामिल थे। टीम के कोच प्रतीक तिवारी और मैनेजर तौफीक अहमद रहे।
टीम की इस उपलब्धि पर जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, सचिव शिवनारायण धकेता, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित नीलम जैन, भूषण साव, कुतुबुद्दीन सोलंकी, रमेश डाकलिया, प्रकाश सांखला, ज्ञानचंद जैन, आशा थॉमस, प्रिंस भाटिया, महेंद्र ठाकुर, गुणवंत पटेल, रणविजय प्रताप सिंह, तीरथ गोस्वामी, अजय झा, प्रकाश शर्मा, अब्दुल कादिर, राजू रंगारी, अनुराज श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में राजनांदगांव के प्रतिभागियों ने किया शानदार प्रदर्शन

0

राजनांदगांव। बिलासपुर में 23 से 25 दिसंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव 2025 में राजनांदगांव जिले के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। विभिन्न विधाओं में युवाओं की प्रतिभा ने निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।
सहायक संचालक ए. एक्का ने जानकारी देते हुए बताया कि वाद-विवाद विधा में राजनांदगांव के नावेशचंद्र साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एकांकी नाटक विधा में प्रतिष्ठा सिंगाड़े ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रस्तुत नाटक वो एक रात के लेखक एवं निर्देशक रितेश सिंगाड़े रहे, जो राजनांदगांव थिएटर ग्रुप की प्रस्तुति थी। दोनों प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में होने वाले प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने हेतु किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा लोकनृत्य, लोकगीत, पंथी, सुआ, राउत नाचा, एकांकी, चित्रकला, कहानी लेखन, कविता लेखन, वाद-विवाद, पारंपरिक वेशभूषा और नवाचार रॉक बैंड सहित अन्य विधाओं में भी जिले के कलाकारों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।
सहायक संचालक ने कहा कि यह सफलता प्रतिभागियों की कड़ी मेहनत, मार्गदर्शक अधिकारियों और प्रशिक्षकों के सतत सहयोग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, मार्गदर्शक अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि राजनांदगांव के युवा भविष्य में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करते रहेंगे।

चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन

0

राजनांदगांव। बसंतपुर प्रीमियम लीग का चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में बाबा साहेब अंबेडकर इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंद्रशेखर आजाद इलेवन को हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों की भारी भीड़ खेल प्रेम का प्रमाण बनी रही।
टूर्नामेंट के पहले दिन उद्घाटन अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों को खेल भावना व अनुशासन के साथ खेलने की सीख दी। दूसरे दिन डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्कूल के प्राचार्य कैलाश शर्मा अतिथि के रूप में पहुंचे, जिनका आयोजन समिति ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
तीसरे दिन विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के पदाधिकारी नंदू राम साहू, अनूप श्रीवास, योगेश बागड़ी, त्रिगुण सदानी, शिव वर्मा और सोमेस शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान जिला क्रिकेट संघ के सचिव योगेश बागड़ी का जन्मदिन भी मनाया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और आयोजन समिति को भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित पार्षद शेखर यादव, राजेश यादव, मोहन सिन्हा, पूर्व पार्षद देवशरण सेन, मंडल अध्यक्ष गोलु गुप्ता, सुमित भाटिया, आर्किटेक्ट संघ अध्यक्ष नवीन साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने युवाओं को नशामुक्ति, खेल से जुड़े रहने और महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। सभी टीमों के नाम महापुरुषों के नाम पर रखे जाने की सराहना की गई।
आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस टूर्नामेंट में 104 खिलाड़ियों की नीलामी कर 8 टीमें बनाई गईं। टीमों के नाम गुरु गोविंद सिंह इलेवन, वीर महाराणा प्रताप इलेवन, बाबा साहेब अंबेडकर इलेवन, छत्रपति शिवाजी महाराज इलेवन, डॉ. अब्दुल कलाम इलेवन, सुभाषचंद्र बोस इलेवन, भगत सिंह इलेवन और चंद्रशेखर आजाद इलेवन रखे गए।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चंद्रशेखर आजाद इलेवन ने 10 ओवर में 127 रन बनाए। जवाब में बाबा साहेब अंबेडकर इलेवन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर रोमांचक जीत दर्ज की।
समापन पर संरक्षक सुनील सेन ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, निर्णायकों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है। बसंतपुर प्रीमियम लीग ने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच देकर एक नई पहचान बनाई है।

बाबा गुरु घासीदास का संदेश देश-दुनिया के लिए प्रासंगिक : मुख्यमंत्री

0

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश संपूर्ण मानव समाज, देश और दुनिया के लिए आज भी प्रासंगिक है, जो सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाता है। मुख्यमंत्री आज बेमेतरा जिले में आयोजित गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव एवं राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में नवागढ़ क्षेत्र के विकास के लिए 165 करोड़ 54 लाख रूपए की लागत वाले 44 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित लगभग 950 पूर्ण आवासों का गृह प्रवेश के लिए हितग्राहियों को घर की चाबी भेंट की। उन्होंने बेमेतरा जिले में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार के लिए 40 करोड़ रुपये, नवागढ़ की 10 ग्राम पंचायतों को सीसी रोड निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनाएं गए नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण तथा उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने नवागढ़ के जैतखाम में विधिवत श्वेत ध्वज चढ़ाया और वहां 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सतनाम मंदिर के निर्माण हेतु भूमिपूजन भी किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु घासीदास ने समाज में व्याप्त जाति-पाति, ऊँच-नीच, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने का कार्य किया। उन्होंने सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाते हुए मानवता को एक सूत्र में बाँधने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके संदेशों के अनुरूप जनता के हित में अनेक क्रांतिकारी और जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में धान खरीदी, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना तथा आवासहीन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना प्रदेश के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक महान नेता ही नहीं, बल्कि विचार, संवेदना और समर्पण के प्रतीक थे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गिरौदपुरी में निर्मित दुनिया का सबसे ऊँचा जैतखाम आज वैश्विक आकर्षण का केंद्र बन चुका है, जहाँ देश-विदेश से पर्यटक बाबा के जीवन दर्शन के लिए आते हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव एवं राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी में उन्होंने लाभार्थी हितग्राहियों को सामग्री एवं राशि का वितरण किया। कार्यक्रम में विधायक सर्वश्री दीपेश साहू, ईश्वर साहू, अनुज शर्मा, पुन्नूलाल मोहले सहित अनेक जन प्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या ग्रामीणजन उपस्थित थे।