दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाला है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से आभार जताया और कहा कि यह बजट महिलाओं, युवाओं और किसानों के साथ-साथ पूरे देश के विकास को समर्पित है.
सीएम ने कहा कि बजट में हर वर्ग को आगे बढ़ने का मौका दिया गया है.
केंद्र-दिल्ली मिलकर करेंगे काम
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि दिल्ली सरकार लगातार केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है. उन्होंने बताया कि इस बजट से दिल्ली को ग्रोथ, राहत और निवेश-तीनों का लाभ मिलेगा. केंद्र से मिलने वाले फंड को दिल्ली ज्यादा से ज्यादा लेने और सही तरीके से खर्च करने की कोशिश करेगी ताकि विकास कार्यों में तेजी आ सके.
पर्यावरण, महिला और ऊर्जा पर फोकस
रेखा गुप्ता ने बताया कि वन्य और पर्यावरण के लिए फंड बढ़ाया गया है, जिससे पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. महिलाओं के लिए हर जिले में हॉस्टल बनाने का काम किया जाएगा. इसके साथ ही ईवी और सोलर पावर एनर्जी पर भी काम होगा और इसके लिए केंद्र सरकार से ज्यादा से ज्यादा फंड लेने की कोशिश की जाएगी.
पिछली सरकार पर निशाना
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारें केंद्र पर आरोप लगाती थीं कि फंड नहीं दिया जा रहा, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र पैसे देता था लेकिन पहले की सरकारें उसे सही तरह से खर्च नहीं कर पाती थीं. अब केंद्र से मिला बड़ा अमाउंट विकास कार्यों में तेजी से लगाया जाएगा.
स्वच्छ पानी और केंद्र का सहयोग
मुख्यमंत्री ने बताया कि 380 करोड़ रुपये के माध्यम से लाखों लोगों को स्वच्छ पानी पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग दिल्ली के लिए बहुत महत्वपूर्ण है.
इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का धन्यवाद किया और बताया कि दिल्ली को केंद्र से कुल 1348 करोड़ रुपये मिले हैं, जिनका सही इस्तेमाल किया जाएगा.



