राजनांदगांव। खैरागढ़ पुलिस ने मेडिसिन कंपनी के नाम पर पैसा दोगुना करने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने अपने शिकार को 30 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देकर 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तकनीकी साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, खैरागढ़ जिले के छुईखदान बोरसी निवासी रेखचंद जंघेल ने 17 मई 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाल और हुलास कुमार साहू के खिलाफ ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपियों ने प्रार्थी से मेडिसिन कंपनी में पैसा दोगुना करने का वादा किया और साथ ही 30 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर 12 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। इस मामले में 3 फरवरी 2025 को थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 41/2025, धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने जुर्म को स्वीकार किया। आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाल (32), निवासी क्वाटर नंबर 23 एफ, शिव मंदिर रोड, सेक्टर-07, भिलाई और हुलास कुमार साहू (29), निवासी ग्राम बोरई, छुईखदान को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी हुलास कुमार साहू को पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिवत कार्रवाई की गई, जबकि सुखविंदर सिंग कडियाला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि ठगी के इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और ठगी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।


