Tamilnadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, सियासी पारा तेज होता जा रहा है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को कोलाथुर सीट से नामांकन दाखिल कर चुनावी बिगुल बजा दिया.
नामांकन के तुरंत बाद उन्होंने रोड शो किया, जहां समर्थकों की भीड़ ने साफ संकेत दिया कि इस बार मुकाबला और ज्यादा तीखा होने वाला है.
स्टालिन ने आत्मविश्वास से भरे अंदाज में बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा, ‘हमारी जीत इस बार बहुत शानदार होगी. पिछली तीन बार की तुलना में इस बार मुझे जबरदस्त समर्थन मिल रहा है. तमिलनाडु दिल्ली के खिलाफ लड़ रहा है. इस बार जीत बहुत बड़ी होने वाली है.’
उनके इस बयान को सिर्फ चुनावी बयानबाजी नहीं, बल्कि एक बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जहां DMK खुद को ‘दिल्ली बनाम तमिलनाडु’ के नैरेटिव में स्थापित करने की कोशिश कर रही है.
इस चुनाव में DMK 234 में से 164 सीटों पर खुद चुनाव लड़ रही है, जबकि 70 सीटें सहयोगी दलों को दी गई हैं. कांग्रेस को 28 सीटें, CPI और CPI(M) को 5-5 सीटें, VCK को 8 और MDMK को 4 सीटें मिली हैं. इसके अलावा DMDK, IUML और अन्य क्षेत्रीय दल भी गठबंधन का हिस्सा हैं. यह गठबंधन समीकरण साफ करता है कि DMK इस बार भी मजबूत सामाजिक और राजनीतिक आधार के साथ मैदान में उतर रही है.
DMK फिर सत्ता में आएगी-कनिमोझी का भरोसा
DMK सांसद कनिमोझी ने भी पार्टी की वापसी को लेकर भरोसा जताया. उन्होंने कहा, ‘हमें पूरा विश्वास है कि DMK फिर से सत्ता में लौटेगी.लोग पूरी तरह आश्वस्त हैं कि वे किसे वोट देंगे और उन्हें भरोसा है कि DMK फिर से अच्छी सरकार देगी.’
उन्होंने आगे जोड़ा, ‘पिछले 5 साल में मुख्यमंत्री ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है और जितना वादा किया था उससे भी ज्यादा किया है.’



