Home प्रदेश बंगाल में उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा तेज बीजेपी विधायक दल...

बंगाल में उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा तेज बीजेपी विधायक दल की बैठक…

4
0

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान शुक्रवार शाम तक हो सकता है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच चुके हैं. वह बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे और नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे. साथ ही उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा तेज है, क्योंकि बीजेपी कई बड़े राज्यों में जातीय और सामाजिक संतुलन के लिए डिप्टी सीएम फॉर्मूला अपना चुकी है.

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बनने वाली पहली सरकार में मुख्यमंत्री कौन होगा इस बात का खुलासा आज यानी शुक्रवार शाम तक हो जाएगा. पर्यवेक्षक बनाए गए गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंच चुके हैं. वह यहां बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों से मिलेंगे. इसके बाद वह पश्चिम बंगाल के होने वाले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे. यानी आज पूरे बंगाल में सबसे हॉट टॉपिक अमित शाह बने रहेंगे. सबकी नजरें उन्हीं पर टिकी है.

क्या पश्चिम बंगाल को मिलेंगे उपमुख्यमंत्री?

अमित शाह के कोलकाता दौरे से पहले चर्चा शुरू हो गई है कि क्या पश्चिम बंगाल को भी मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री भी मिलने वाले हैं. यह चर्चा इसलिए शुरू हुई है क्योंकि लोग उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए चर्चा कर रहे हैं कि क्या पश्चिम बंगाल में भी यही फॉर्मूला लागू होने वाला है.

उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे राज्यों में या तो बीजेपी की सरकार है या फिर वह सहयोगी दलों के साथ सरकारें चल रही है. इन बड़े राज्यों में बीजेपी ने या तो अपनी ही पार्टी के उपमुख्यमंत्री बनाए हैं, या अपने सहयोगी दलों को यह पद दिया है. बीजेपी ने राज्यों में जातीय संतुलन को बनाए रखने के लिए राज्यों में उपमुख्यमंत्री पद देने की शुरुआत की है.

  1. देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं तो केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश बाठक डिप्टी सीएम हैं.
  2. गुजरात में भले ही बीजेपी लंबे समय से सत्ता में है, लेकिन यहां भी हर्ष संघवी बतौर उपमुख्यमंत्री सेवा दे रहे हैं.
  3. राजस्थान में भजनलाल शर्मा सीएम हैं तो दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा उपमुख्यमंत्री हैं.
  4. मध्य प्रदेश में मोहन यादव सीएम हैं तो जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल डिप्टी सीएम का जिम्मा संभाल रहे हैं.
  5. महाराष्ट्र में बीजेपी की तरफ से देवेंद्र फडणवीस सीएम हैं तो सहयोगी दलों की तरफ से सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री के पद पर जमे हुए हैं.
  6. बिहार में भी बीजेपी के सम्राट चौधरी सीएम हैं तो जेडीयू के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री हैं.
  7. छत्तीसगढ़ में विजय शर्मा और अरुण साव डिप्टी सीएम हैं, वहीं मुख्यमंत्री का जिम्मा विष्णु देव साय संभाल रहे हैं.

चर्चा है कि पश्चिम बंगाल भी राजनीतिक रूप से इन राज्यों की तरह ही बड़ा केंद्र है. ऐसे में क्या अमित शाह पश्चिम बंगाल में भी उपमुख्यंत्री बना सकते हैं. दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में भी मुख्य रूप से दो क्लास के वोटर हैं. ऐसे में एक संभ्रात (भद्रलोक) और एक आम वर्ग को अड्रेस करने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्मंत्री का दांव खेला जा सकता है. इसके अलावा मतुआ और चंद्रवंशी समाज ने शुरुआत से ही बीजेपी को सपोर्ट किया है, इसलिए हो सकता है इस समाज से भी किसी बड़े नेता को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है.

शाम 4 बजे बीजेपी के विधायक दल की बैठक

बीजेपी सूत्रों का कहना है कि गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवारको कोलकाता पहुंच चुके हैं. यहां वह बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों से मिलेंगे. वह यहां पहुंचने के बाद बीजेपी के बड़े नेताओं से बंद कमरे में मीटिंग कर बंगाल के अगले सीएम के साथ मंत्रिमंडल सदस्यों के नाम भी फाइनल करेंगे. यह बैठक कोलकाता के न्यूटाउन स्थित ‘विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर’ में शाम 4 बजे आयोजित होने की बात कही जा रही है. इसी बैठक में पश्चिम बंगाल के नये मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो जाएगी.

बंगाल में डिप्टी सीएम की रेस में ये नाम

पश्चिम बंगाल में दो डिप्टी सीएम बनाए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है. बीजेपी के अंदर डिप्टी सीएम के लिए जिन नामों की चर्चा है उनमें अग्निमित्रा पॉल, सुकांतो मजूमदार प्रमुख हैं. इसके अलावा सिलीगुड़ी और नॉर्थ कोलकाता से भी किसी बड़े चेहरे को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है. यह भी चर्चा है कि शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की स्थिति में किसी खांटी संघी नेता को भी उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

शुभेंदु अधिकारी का सीएम बनना तय

सूत्र बताते हैं कि शुभेंदु अधिकारी को ही पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. टीएमसी की सरकारों में शुभेंदु अधिकारी ममता बनर्जी के बाद नंबर दो कि हैसियत से काम कर चुके हैं. बीजेपी में आने के बाद वह नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं. इसके अलावा शुभेंदु ने 2021 में नंदीग्राम फिर 2026 में भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया है. पिछले पांच-छह सालों में शुभेंदु अधिकारी वैसा चेहरा हैं जिन्होंने खुलकर ममता बनर्जी और टीएमसी पर हमले किए हैं.

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया है कि मुख्यमंत्री का नाम तय होने के बाद शनिवार, 9 मई को बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा. बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा. रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती को बीजेपी ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए चुना है. शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम बीजेपी शाषित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे.