Home प्रदेश  Monsoon: IMD ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों...

 Monsoon: IMD ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी…

2
0

उत्तर प्रदेश में मानसून पूर्वी हिस्सों से प्रवेश करेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी में मानसून 15 से 20 जून के बीच पहुंच सकता है.

देशभर में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है. इसके साथ ही देश के सबसे अहम बारिश के मौसम की शुरुआत हो गई है. अब सबसे ज्यादा नजरें उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली पर टिकी हैं, जहां लोग चिलचिलाती गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा.

बिहार में 12 से 15 जून के बीच दस्तक

IMD के अनुमान के अनुसार, बिहार में मानसून 12 से 15 जून के बीच पहुंच सकता है. हालांकि राज्य के कुछ इलाकों में इसकी एंट्री इससे पहले भी हो सकती है. मानसून के प्रवेश के बाद पूरे बिहार में सक्रिय होने में करीब 2 से 3 दिन का समय लग सकता है. इसके बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से पहुंचेगा मानसून

उत्तर प्रदेश में मानसून पूर्वी हिस्सों से प्रवेश करेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी में मानसून 15 से 20 जून के बीच पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी यूपी में इसकी एंट्री 20 से 25 जून के बीच होने का अनुमान है. मानसून के पहुंचने के बाद प्रदेश के लोगों को गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

दिल्ली में फिलहाल प्रीमानसून गतिविधियां

राजधानी दिल्ली में अभी मानसून पहुंचने में समय है, लेकिन मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है. जैसे-जैसे मानसून उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा, दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.

केरल में भारी बारिश का अलर्ट

मानसून की एंट्री के साथ ही केरल के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने 4 जून से 9 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है.

तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

देशभर में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है. आने वाले दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दायरा बढ़ सकता है.

तेज हवाओं और आंधी का भी अलर्ट

IMD ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.