घरेलू शेयर बाजार पर आज ईरान-अमेरिका में शांति समझौते की खबर का असर देखने को मिल रहा है. युद्ध खत्म होने के ऐलान से दुनियाभर के निवेशकों में उत्साह चरम पर है.
अमेरिका-ईरान शांति समझौते से शेयर बाजार में तूफानी तेजी
भारतीय शेयर बाजार में आज ऐतिहासिक तेजी देखने को मिल रही है और बाजार रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार कर रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त होने के लिए शांति समझौते (Iran-US Peace Deal) की बड़ी घोषणा के बाद बाजार में जबरदस्त लिवाली देखी जा रही है. इस दौरान सेंसेक्स 1197 अंक उछलकर 76725.27 के लेवल पर कारोबार की शुरुआत की और इसी तरह से एनएसई का निफ्टी भी लगभग 362 अंकों की भारी बढ़त के साथ 23984.85 के लेवल पर खुला.
अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौता
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बताया है कि अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने पर सहमत हो गए हैं और दोनों ही पक्षों ने सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत और हमेशा के लिए रोकने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि समझौते पर आधिकारिक तौर पर हस्ताक्षर शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में किए जाएंगे. इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा, “दुनिया के जहाजों, अपने इंजन चालू करो.” उन्होंने आगे कहा, “तेल बहने दो!”
एशियाई बाजार
अमेरिका और ईरान के बीच बीते 4 महीने से चल रहे संघर्ष को रोकने के लिए एक शुरुआती डील हो गई है, जिसका असर आज एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है. सोमवार को एशियाई बाजार बढ़त के साथ खुले. इस दौरान कोस्पी (Kospi) ने 7.01% की बढ़त हासिल की, जबकि स्मॉल-कैप कोस्डैक (Kosdaq) में 3.25% का इजाफा हुआ. इसी तरह से जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 3.4% चढ़ा और टॉपिक्स (Topix) में 1.8% की तेजी देखी गई. हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स 24,376 पर था, जो इंडेक्स की पिछली क्लोजिंग 24,249.29 से ज्यादा है.
अमेरिकी शेयर बाजार
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की आधिकारिक घोषणा के बाद वॉल स्ट्रीट में भी गजब का उत्साह रहा. रविवार देर रात ट्रंप के ऐसा कहने के बाद कि अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने के समझौते पर पहुंच गए हैं, सोमवार को अमेरिकी बेंचमार्क के फ्यूचर्स में तेजी आई. डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज से जुड़े फ्यूचर्स में 342 अंक या 0.7% की बढ़त हुई.S&P 500 फ्यूचर्स 0.9% चढ़े, जबकि नैस्डैक 100 फ्यूचर्स में 1.4% का उछाल आया.
क्रूड ऑयल की कम हुई कीमत
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड फ्यूचर्स में 4.45% की भारी गिरावट आई और यह 81.10 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करने लगा. दूसरी ओर, अगस्त डिलीवरी वाले ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स आज सुबह $84.08 पर ट्रेड कर रहे थे, जिसमें 3.5% की गिरावट आई और यह 85 डॉलर के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया. COMEX पर क्रूड की कीमतें 4.47% बढ़कर 81.09 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करने लगीं.



