बलौदाबाजार जिले में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी।
बलौदाबाजार जिले में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर दबिश दी। जांच एजेंसियों ने शहर के कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास सहित उससे जुड़े अन्य परिसरों की तलाशी लेकर महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जांच टीम सुबह से ही कार्रवाई में जुट गई थी। अधिकारियों ने कारोबारी से पूछताछ करने के साथ उसके आय-व्यय, कारोबार से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और लेनदेन के रिकॉर्ड की गहन जांच की। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई से इलाके में हलचल का माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार, टीम कारोबारी के वित्तीय स्रोतों और व्यवसायिक गतिविधियों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। तलाशी के दौरान कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त किया गया है। अब इन रिकॉर्ड का विश्लेषण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई के दौरान राज्य के चर्चित शराब घोटाले से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। जब्त दस्तावेजों के आधार पर कारोबारी के संपर्कों और लेनदेन की जांच की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
अधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, ACB और EOW की ओर से कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दस्तावेजों की छानबीन में जुटी हैं और मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।



