ईरान और इजरायल में युद्ध के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पीएम मोदी की इजरायल यात्रा की टाइमिंग को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
साथ ही भारत की विदेश नीति के साथ समझौता करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विदेश नीति देश के हित को देखकर बनाई जाती है, यह व्यक्तिगत छवि बनाने का जरिया नहीं है.
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, ”मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा की टाइमिंग सही नहीं थी. उन्होंने जो भाषण दिया उससे कहीं न कहीं भारत की एक जो निष्पक्षता है उस पर संदेह हो जाता है. हमने हमेशा दो-राष्ट्र सिद्धांत का समर्थन किया है और इस बार हम कहीं न कहीं अपनी विदेश नीति से कुछ हद तक समझौता कर रहे हैं.”
विदेश नीति व्यक्ति आधारित हो गई- सचिन पायलट
उन्होंने आगे कहा, ”विदेश नीति राष्ट्र के हितों को देखकर बनाई जाती है, वो व्यक्तिगत छवि बनाने का माध्यम नहीं होता है. दुर्भाग्य से पिछले 11 साल से जो विदेश नीति बनी है वो व्यक्ति आधारित हो गई है. व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर अगर विदेश नीति बनेगी तो इससे देश के हितों को नुकसान होगा.”
भारत का हित किसी पार्टी या नेता से ऊपर- सचिन पायलट
सचिन पायलट ने ये भी कहा, ”हमने हमेशा कहा है कि भारत का हित पहले है. भारत का हित किसी पार्टी या नेता से ऊपर है, उसका ध्यान सरकार को रखना पड़ेगा. सरकार ने अपनी इमेज बनाने के लिए, व्यक्तिगत संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कई बार भारत की विदेश नीति के साथ समझौता किया है, मैं इसका कड़ा विरोध करता हूं.”



