हरियाणा राज्यसभा चुनाव में एक सीट जीतने के बाद भी कांग्रेस में घमासान जारी है। पार्टी ने क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 विधायकों को पिछले दिनों शोकॉज नोटिस जारी किया था। अबतक इस शोकॉज नोटिस का जवाब सिर्फ दो विधायक ने दिया है।
पार्टी को अभी भी अन्य तीन विधायकों के जवाब का इंतजार है। बड़ी बात यह है कि कांग्रेस के जिन विधायकों ने इस नोटिस का जवाब दिया है उन्होंने खुद का ईमानदार बताते हुए क्रॉस वोटिंग नहीं करने की बात कही है। उन्होंने जवाब ने लिखा है कि हमने क्रॉस वोटिंग नहीं है, हम पार्टी के सच्चे सिपाही है। इन विधायक पर आने वाले समय कोई कार्रवाई होगी या नहीं यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
इन पांच विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के जिन 5 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे उनमें पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास, हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल, नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी, साढौरा विधायक रेणु बाला और रतिया विधायक जरनैल सिंह शामिल है। पार्टी ने इन पांचों विधायकों को शोकॉज नोटिस जारी किया था। जिन विधायको ने इस नोटिस का जवाब दिया है उनमें शैली चौधरी और जरनैल सिंह शामिल है। हालांकि पार्टी की ओर से जवाब देने वाले नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीएम नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री खट्टर से मिला ये विधायक
इस बीच क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के एक विधायक ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद हरियाणा की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बता दें कि विधायक मोहम्मद इलियास ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को मेवात क्षेत्र के दौरे का विशेष न्योता दिया। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराने की बात कही। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर इलियास का नाम भी चर्चा में रहा है। इसी वजह से उनकी सीएम से मुलाकात को लेकर अलग-अलग तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।



